मुंबई, 21 मार्च, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हीथ्रो एयरपोर्ट को आज यानी शुक्रवार को बंद कर दिया गया। एयरपोर्ट के पास एक इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन में गुरुवार रात आग लगने की वजह से एयरपोर्ट की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इसके चलते 1300 फ्लाइट्स सस्पेंड हुई हैं, जिनसे 2 लाख 91 हजार पैसेंजर्स प्रभावित हुए हैं। आग वेस्ट लंदन के हेस में लगी थी। इस वजह से 5 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल हुई। करीब 150 लोगों को यहां से सुरक्षित निकाला गया है। लंदन फायर ब्रिगेड ने 70 फायर फाइटर्स के साथ शुक्रवार सुबह तक ज्यादातर आग पर काबू पा लिया। हालांकि अभी तक पूरी तरह आग बुझी नहीं है। ब्रिटेन की काउंटर टेररिज्म पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सबस्टेशन पर लगी आग के पीछे किसी का कोई गलत इरादा तो नहीं था।
आपको बता दें, 9 मार्च को जर्मनी के सभी एयरपोर्ट्स के कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल बुलाई थी। इसकी वजह से सोमवार (भारतीय समयानुसार) को पूरे देश की हवाई यात्रा ठप हो गई। हड़ताल से पूरे देश में 13 प्रमुख एयरपोर्ट पर 3400 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स भी शामिल हैं। इसके चलते 5 लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए। देश की 25 लाख सरकारी कर्मचारियों वाली वेरडी यूनियन ने सैलरी बढ़ाने की मांग लेकर इस हड़ताल का ऐलान किया था। जर्मनी के समय के मुताबिक ये हड़ताल 10 मार्च से शुरू होनी थी, लेकिन इसे तय समय से एक दिन पहले ही शुरू कर दिया गया।